सोना तस्करी में मुरादाबाद के डॉक्टर और हॉस्पिटल के खिलाफ पुलिस ने आगे बढायी जांच
मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक मृतक दिल्ली रोड स्थित एक नामी अस्पताल में भर्ती था। इसकी भी जानकारी पुलिस को मिली है। डॉक्टर की भी शिनाख्त हो गई है। जांच अभी चल रही है। डॉक्टर के खिलाफ आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

मुरादाबाद। सोना तस्करों से सांठगांठ करने के मामले में मुरादाबाद के डॉक्टर के खिलाफ पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं। नामी डॉक्टर को पुलिस कभी भी पकड़ सकती है। वहीं गुनाह में लिप्त दिल्ली रोड पर स्थित शहर के एक मशहूर हॉस्पिटल के बारे में पुलिस को पता चला है।
खाड़ी देश सऊदी आदि मुल्कों से मुरादाबाद मंडल के युवा अपने पेट में सोना छिपाकर ला रहे हैं, जिसे मुरादाबाद के पैसों के लालची डॉक्टर ऑपरेशन करके निकाल रहे हैं और गुनाह में सोना तस्करों का भरपूर साथ दे रहे हैं। इसकी खबर जब पुलिस को लगी तो पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू कर दी। जांच में चौंकाने वाले सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
डॉक्टर ने जिस युवक का पेट फाड़ कर सोना निकाला और उस युवक की बाद में मौत हो गई। वह युवक दिल्ली रोड पर लोकोशेड पुल के पास स्थित शहर के एक मशहूर हॉस्पिटल में भर्ती था। मगर डॉक्टर को इससे क्या? युवक मरा तो मरा। मगर डॉक्टर ने सोना निकालकर तस्करों को दे दिया। यह खेल बहुत लंबे अर्से से चल रहा है।
मुरादाबाद का जो डॉक्टर तस्करों के साथ युवाओं के ऑपरेशन में लिप्त है और युवा तस्करों के पेट से लंबे अर्से से सोना निकालने का काम कर रहा है। पुलिस ने उस डॉक्टर की शिनाख्त कर ली है। जल्द ही पुलिस डॉक्टर को मुल्जिम बनाएगी और जेल भेजने का काम करेगी, क्योंकि डॉक्टर के खिलाफ भी पुलिस को पुख्ता सबूत मिल गए हैं।