
(संवाददाता: अजय कुमार)
मुरादाबाद। महानगर को लाइनपार से जोड़ने वाला कपूर कंपनी का पुराना पुल 19 अप्रैल से पैदल आने जाने के लिए भी बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद रेलवे प्रशासन द्वारा नए कपूर कंपनी पुल का निर्माण तेज किया जाएगा और नए पुल के गर्डर रखे जाएंगे।
साल 2022 चार दिसंबर से दोपहिया वाहनों के लिए कपूर कंपनी पुल बंद है। दो साल से पुल निर्माण में जुटे रेलवे प्रशासन अब नए पुल का निर्माण तेज कर दिया है। इसके साथ ही पुराने पुल को ध्वस्त किया जाएगा। पहले की तरह दो पहिया वाहन नए पुल से शहर के दूसरी ओर आवागमन कर सकेंगे। पुल बंद होने से प्रभावित पांच लाख की आबादी को इससे राहत मिलेगी। नए पुल के निर्माण में रेलवे को तकनीकी स्तर पर काफी काम करना पड़ा है। पहले कई पेड़ काटे गए। इसके बाद दुकानों से कब्जा हटाया गया। रेलवे के कुछ आवास ध्वस्त किए गए।
मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि कपूर कंपनी के पुराने पुल के बराबर में नया पुल बनाया जा रहा है। जिसके लिए 19 अप्रैल से पुराने पुल को तोड़ा जाएगा और नए पुल निर्माण के लिए गर्डर रखे जाएंगे। जिसके लिए पुराने पुल को पूर्ण रूप से बंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कपूर कंपनी पुल के यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में लोको पुल 1447 ए और डबल फाटक पुल 1142 ए को उपयोग में लाया जाएगा। कपूर कंपनी के नए पुल बनने में लगभग तीन माह का समय लगेगा। इसलिए पुराने पुल को 3 महीने के लिए बंद किया जाएगा।
कपूर कंपनी का नया पुल बनने के बाद लाइनपार के लाखों लोगों को महानगर में आने की दिक्कत दूर हो जाएगी। इस नए 170 मीटर लंबे व तीन मीटर चौड़े इस पुल के निर्माण पर 7.10 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।